|| वो भी क्या दीवाली थी ||
तूने दीया ले लिया ? दियासलाई ले ली ? दीया गिन ले , मंदिर के हर एक भगवान के लिए है न ? तीन दुर्गा जी के लिए , दो हनुमान जी के लिए और एक डीह बाबा के लिए | अरे सुन! पीपल के पेड़ के नीचे भी एक दीया लगता है| सर्वेश और धर्मेन्द्र एक दूसरे की दीये की थाली देख कर आपस में बातें कर रहे थे | एक तालाब में बहाने के लिए लिया कि नहीं ? घर से पूजा की थाली लेकर निकलते ही मैंने पूछा |
अरे मैं तो भूल ही गया | रुक अभी लाता हूँ | सर्वेश ने थाली हमें पकड़ाई और दौड़ के एक दीया लेने चला गया| चल चलते हैं , आते ही सर्वेश ने कहा | अब हम थाली लेकर निकल पड़े मंदिर की ओर | कुछ पंद्रह मिनट चलने के बाद मंदिर पहुँचे| हमने दीये जलाये | हर देवता के पास | हमारे जैसे गाँव के कई लोग थे दीये जला रहे थे | धीरे-धीरे अब अँधेरा हो चला था | सब जगह दीया जलाने के बाद हम तालाब के पास आये | हमारी थाली का आखिरी दीया अब तैरने वाला था | तालाब के किनारे खड़ंजे पर थाली रख कर हमने दीया जलाया | किनारे पर उतर कर दीया को धीरे से पानी की सतह पर रखा | हमारे तीन दीये | अब हौले-हौले पानी की थाप से दीये को आगे बढ़ाने लगे | पिछले साल जल्दी जल्दी में मेरा दीया डूब गया था | तो मुझे बहुत बुरा लगा था | दीये को अपने से कुछ पांच फुट दूर कर दीया हमने और फिर खड़ंजे पर आ गए और दीया देखने लगे | अबे तेरा वाला सबसे आगे चला गया | अरे ये इसका नहीं मेरा है | धर्मेन्द्र ने बोला | अँधेरे में हमारे दीये चमक रहे थे | दीये को देख कर बहुत अच्छा लग रहा था|
अब मैं अपने घर आ गया | भाई - बहन के साथ मिलकर घर के छत के किनारे पर दिया रखने लगे | उधर माँ पूजा कर रही थी | हमने दीया रख दिया और थोड़ी देर में घर दीये से जगमगाने लगा| फिर भैंस के नाँद और घुर पर भी दीया रख दिया |भैंस और बैल के आंख नीले नीले बहुत ही मस्त चमकते थे | अरे मिठाई खा ले | मेरे बहन ने आवाज दिया |पिताजी आ गए मिठाई लेकर | मैं दौड़ कर तुरंत पहुंचा | माँ के पूजा से पहले कुछ खा नहीं सकते थे | अब तो पूजा भी हो गया था | मैंने खूब मिठाई खायी |
फिर पटाखे लेकर मैं बाहर आ गया | पटाखे सबने मिल कर बजाए | फिर एक घंटे पढ़ने के लिए बैठते थे | ऐसा मानना था कि अगर दीवाली के दिन पढ़ लो तो पूरे साल पढाई के लिए ज्यादा पढ़ने की जरुरत नहीं है | हम इधर पढ़ाई जगाने बैठते थे , उधर पिताजी के साथ पड़ोस के चाचा, दादा ताश खेलने के लिए बैठते थे | मेरी बेग़म, मेरा बादशाह, मेरा एक्का |
फट-फट , खट-खट की आवाज से नींद खुलती थी | सुबह सुबह गाँव की सभी औरते हँसुए से सूप पीटती थी | ऐसा कहा जाता है कि इससे घर के भूत भागते हैं | मैं उठा और दीया लूटने चला गया | सुबह होते ही हम बच्चे दीये लूटने जाते थे | सूरज उगने के बाद मैं भैया के पास गया और तराजू बनवाया, लुटे हुए दीये का | फिर हलवाई तो कभी व्यापारी बन जाते थे | गेंहूँ की जगह धुल भर कर जोखते थे और व्यापारी बन जाते थे | मिठाई की जगह कंकण रखते थे और हलवाई बन जाते थे |
ऑफिस में बैठे-बैठे मैं सोच रहा कि वो भी क्या दिवाली थी !
--जंग

No comments:
Post a Comment